home page

जींद : स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने को झांसा देकर 21.26 लाख रुपये हड़पे

 | 
जींद : स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने को झांसा देकर 21.26 लाख रुपये हड़पे


जींद, 26 जून (हि.स.)। सदर थाना सफीदों पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 21 लाख 26 हजार रुपये हड़पने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव सिवानामाल निवासी आनंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव बागड़ू खुर्द हाल हरिनगर निवासी प्रताप उनके गांव मे जेबीटी अध्यापक था। जिसके बेटे अमित तथा सुमित गांव में मेडिकल स्टोर चलाते थे। जिसके चलते उनकी आपस मे अच्छी जान पहचान थी और घर आना जाना था।

सुमित ने कहा कि वह उसके बेटे अजय को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवा देगा। जिसके लिए उसे एडवांस देना होगा। वर्ष 2024 में प्रताप तथा उसके दोनो बेटे घर आए और दो लाख रुपये ले गए। जिसके बाद उसके बेटे की परीक्षा भी हो गई। फिर अमित ने फोन कर कहा कि लिस्ट आने वाली है, उन्हें साढ़े तीन लाख रुपये और देने होंगे। आरटीजीएस के माध्यम से उनके खाते मे भेज दिए। जिसके बाद प्रताप तथा उसके दोनों बेटे साढ़े चार लाख रुपये फिर से नगद ले गए। गत 25 सितंबर तक आरोपित उससे 21 लाख 26 हजार रुपये ऐंठ चुके थे।

लंबा समय बीत जाने के बाद भी उसके बेटे अजय का काम नही हुआ। जब उसने रुपये वापस मांगे तो प्रताप ने रुपये न होने की बात कही और साढ़े तीन कैनाल जमीन नाम करवाने का आश्वासन दिया। शपथ पत्र देने के बाद भी आरोपितों ने न तो रुपये वापस लौटाए और न ही जमीन को नाम करवाया। जब उसने दबाव डाला तो आरोपितों ने राशि देने तथा जमीन नाम करवाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शुक्रवार को जानकारी देते हुए सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी रमेश ने बताया कि पुलिस ने आनंद की शिकायत पर प्रताप, उसके बेटे अमित तथा सुमित के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा