home page

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा,तीन की मौत

 | 
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा,तीन की मौत


नूंह, 20 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह हुए हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ की मोर्चरी में रखवाया गया है।

जानकारी के अनुसार एक कार में छह लोग सवार थे और जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार नगीना थाना क्षेत्र के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 47 के पास गांव बनारसी के निकट पहुंची, वह सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े एक वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस को दी शिकायत में रामपाल मीणा ने बताया कि उसका छोटा भाई राम किशन मीणा एक निजी कंपनी में कार्यरत था। कंपनी की मीटिंग में शामिल होने के लिए वह अपने साथियों के साथ उत्तराखंड जा रहा था। उनके साथ अविनाश मीणा, अनीता शर्मा सहित अन्य लोग मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार में सवार थे। इससे कार ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में राम किशन मीणा, अविनाश मीणा और अनीता शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही नगीना थाना पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों और मृतकों को तत्काल शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जांच अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया