home page

पानीपत: टायर फटने से कंटेनर ट्रक में घुसा, लगी आग

 | 
पानीपत: टायर फटने से कंटेनर ट्रक में घुसा, लगी आग


पानीपत, 18 मार्च (हि.स.)।

पानीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तेज रफ्तार से जा रहे कंटेनर का अचानक टायर फट गया। इस कारण वह बेकाबू होकर सामने चल रहे ट्रक में पिछले हिस्से में जा घुसा। धमाके के साथ हुई टक्कर से कंटेनर के कैबिन में भीषण आग लग गई। आग लगती देख दोनों ड्राइवरों ने ट्रकों से कूदकर अपनी जान बचाई।

पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार काे उस समय हुआ, जब दो भारी वाहन दिल्ली की तरफ से करनाल की ओर जा रहे थे। जीट रोड पर अचानक पिछले कंटेनर का अगला टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। टायर फटते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कंटेनर सीधे आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया, टक्कर लगने के बाद कंटेनर ट्रक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया, किस कारण कंटेनर के इंजन वाले हिस्से में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कंटेनर का पूरा कैबिन आग की लपटों में धू-धू कर जलने लगा। हादसे के बाद दोनों वाहनों के ड्राइवरों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत चलती गाड़ियों से नीचे छलांग लगा दी। वाहन को जलता देख जीट रोड पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हादसे की सूचना पुलिस व दमकल कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी देर में आग पर काबू पाया गया, पर जब तक कैबिन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। जिस कारण दिल्ली-अंबाला की तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को साइड में करवाया और यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा