जींद : अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, एक की मौत चार घायल
जींद, 22 सितंबर (हि.स.)। गांव ढाठरथ से खांडा रोड पर सोमवार रात कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। तीनों गंभीर रूप से घायल युवकों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। मंगलवार काे अलेवा थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
गांव अलेवा निवास 29 वर्षीय तरसेम कार लेकर अपने चचेरे भाई अमरजीत, गांव के ही संदीप के साथ कार्यवश गांव कालवा रिश्तेदारी में गए हुए थे। वापसी के दौरान गांव भूरायण निवासी दीपक फौजी तथा दीपक भी उनके साथ कार में सवार हो गए। सोमवार रात को सभी पांचों कार में सवार होकर वाया गांव ढाठरथ-खांडा से घर लौट रहे थे। गांव ढाठरथ तथा खांडा के बीच उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें कार में सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने पांचों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने तरसेम को मृत घोषित कर दिया। जबकि मनजीत, संदीप तथा दीपक फौजी तथा दीपक की गंभीर हालात देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। कार के अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। अलेवा थाना पुलिस ने मृतक के पिता रमेश के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को जानकारी देते हुए अलेवा थाना प्रभारी आत्मा राम ने बताया कि कार सवार लोग रिश्तेदारी से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार घायल हो गए। फिलहाल मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

