home page

पानीपत: ट्रैक्टर ट्राली-साईकिल टक्कर : एक व्यक्ति की मौत

 | 
पानीपत: ट्रैक्टर ट्राली-साईकिल टक्कर : एक व्यक्ति की मौत


पानीपत, 29 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत में इसराना के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में 49 वर्षीय साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इसराना थाना के पास परढाना रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने साइकिल को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान इसराना निवासी राजेश शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतक राजेश शर्मा इसराना गवर्नमेंट कॉलेज के सामने टायर पंचर की दुकान चलाता है। रोज की तरह आज सुबह भी वह घर से खाना खाकर अपनी साइकिल पर दुकान के लिए निकला था। जैसे ही वह परढाना रोड पर जौन्धन कलां मोड़ के पास स्थित एक स्पीड ब्रेकर पर पहुंचा, पीछे से आ रहे एक ईंट भट्ठे के ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश संतुलन खोकर सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिस कारण राजेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद स्थानीय निवासी ने मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलते ही इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा