पानीपत: होली पर्व से लापता युवक का रेल की पटरियों पर मिला शव
पानीपत, 07 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव महमदपुर में होली के दिन से लापता हुए लापता युवक का शव संदिग्ध हालत में रेल की पटरियों पर पड़ा मिला है। परिजनों ने शनिवार काे कालू के ही एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है, जो उसे घर से बुलाकर साथ ले गया था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शव को पानीपत के सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उस आरोपी दोस्त की तलाश कर रही है। पुलिस मृतक और उसके दोस्त के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाल रही है। परिजनों के अनुसार, होली वाले दिन 23 वर्षीय कालू अपने घर पर शांति से बैठा हुआ था। त्योहार का माहौल था, तभी गांव का ही रहने वाला उसका एक करीबी दोस्त घर पहुंचा और उसे किसी काम का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया।
जब शाम तक कालू घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने उस दोस्त से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पूरी रात तलाश करने के बाद अगली सुबह कालू का शव रेलवे ट्रैक पर पूरी तरह निर्वस्त् अवस्था में मिला। मृतक के शरीर पर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे मारने से पहले बुरी तरह पीटा गया था। मृतक के परिवार का कहना है कि कालू की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उनका सीधा शक उसी दोस्त पर है जो उसे आखिरी बार घर से ले गया था। परिजनों का आरोप है कि हत्या करने के बाद मामले को 'हादसा' दिखाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। अब पुलिस उस दोस्त की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

