जींद : कार की चपेट में आने से सड़क पार कर रही महिला की मौत
जींद, 21 जुलाई (हि.स.)। नरवाना खंड के गांव लोन में कूड़ा डाल कर सड़क पार कर घर लौटी रही महिला को तेजरफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिसमें महिला की मौत हो गई। गढ़ी थाना पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने पति की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव लोन निवासी सावित्री (48) सड़क पार कर वापस घर लौट रही थी। उसी दौरान नरवाना की तरफ से आ रही तेजरफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें सावित्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को अंजाम देकर चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सावित्री को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक पति महाबीर ने बताया कि उसका बेटी गांव के बस अड्डे दुकान चलाता है। सफाई के बाद उसकी पत्नी सड़क पार कूड़ा डाल कर वापस लौट रही थी। उसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देकर चालक कार समेत टोहाना की तरफ फरार हो गया।
गढ़ी थाना पुलिस ने महाबीर की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को जानकारी देते हुए गढ़ी थाना के जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सांैप दिया है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

