कैथल: रिश्वत मामले में फरार एमई की तलाश में जुटी एसीबी, ठिकानों पर छापेमारी
कैथल, 23 अक्टूबर (हि.स.) । नगर परिषद कार्यालय में 18 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद अब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम रिश्वत मांगने के निर्देश देने के आरोपी म्यूनिसिपल इंजीनियर (एमई) की तलाश में जुटी है। आरोपी इंजीनियर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एसीबी की टीम उसके घर सहित अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं उसकी लोकेशन ट्रेस करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
एसीबी की कार्रवाई के बाद से आरोपी एमई शुक्रवार काे भी नगर परिषद कार्यालय भी नहीं पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार वह पिछले तीन दिनों से कार्यालय से अनुपस्थित है। टीम उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है, लेकिन पिछले दो दिनों से उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ कर रिश्वत प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में एमई का नाम सामने आने के बाद एसीबी की टीम उसके पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत मांगने के मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भी भूमिका थी या नहीं। एसीबी कैथल के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि टीम आरोपी एमई की तलाश कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि रिश्वत की रकम में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
बता दें कि बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने नगर परिषद के एक ऑपरेटर को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोप है कि ऑपरेटर नगर परिषद के एक ठेकेदार से एमई के कहने पर रिश्वत मांग रहा था। ठेकेदार को बार-बार रुपये देने के लिए कहा जा रहा था और टेंडर आवंटित करवाने की बात कही जा रही थी। इससे परेशान होकर ठेकेदार ने एसीबी को शिकायत दी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और ठेकेदार को रुपये लेकर आरोपी ऑपरेटर के पास भेजा। जैसे ही ऑपरेटर ने 18 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसे जेल भेज दिया गया। अब टीम रिश्वत मांगने के निर्देश देने के आरोप में एमई की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

