हिसार : स्वर्ण पदक विजेता मनीषा का किरतान में गर्मजोशी से स्वागत
किसान परिवार की बेटी की उपलब्धि पर ग्रामीणों ने जताया गर्व
आजाद हिंद युवा क्लब ने किया सम्मान
हिसार, 29 सितंबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में देश के लिए स्वर्ण
पदक जीतकर लौटीं मनीषा रुहल का गांव किरतान में पहुंचने पर ग्रामीणों और आजाद हिंद
युवा क्लब की ओर से गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। सम्मान समारोह विकास डिफेंस
स्कूल एवं स्पोर्ट्स एकेडमी, धीरणवास में आयोजित किया गया। क्लब के प्रधान कपूर सिंह
आर्य ने मनीषा रुहल को सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्लब प्रधान कपूर सिंह आर्य ने मंगलवार काे कहा कि मनीषा रुहल भिवानी रोहिल्ला
गांव के किसान परिवार से संबंध रखती हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, निष्ठा और लगन के दम
पर यह मुकाम हासिल किया है, जो देश और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा
कि भिवानी रोहिल्ला की बेटी ने जापान में आयोजित एशियाई खेलों में तिरंगा लहराकर देश
को गौरवान्वित किया है।
कपूर सिंह आर्य ने कहा कि साधारण किसान परिवार से होने के बावजूद मनीषा ने
सामाजिक और आर्थिक बाधाओं को पार करते हुए देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा दिखाया।
उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
समारोह में सरपंच तेलु राम, सुरेंद्र आर्य, विजेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीण और क्लब
पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

