जींद: बाइक चोरी गिरोह काबू 11 चोरी की बाइकें बरामद
जींद, 14 अप्रैल (हि.स.)। एवीटी पुलिस स्टाफ ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करके तीन सदस्यों को काबू कर उनके कब्जे से 11 चोरीशुदा बाइक एक गोदाम से बरामद की है। गिरोह भीड़ भाड़ वाले इलाके में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
अर्बन इस्टेट निवासी प्रलाहद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने अपनी बाइक को नये बस अडडे पर खडा किया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया था। जिसकी जांच एवीटी स्टाफ को सौंपी गई थी। एवीटी स्टाफ सीसीटीवी कैमरों व अन्य तकनीकीकरण के प्रयोग से बाइक चोरों तक पहुंच गई। शिनाख्त होने के बाद सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को चोरी शुदा बाइक के साथ काबू कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों की पहचान गांव किशनपुरा निवासी अमन, भटनागर कालोनी निवासी कार्तिक तथा सौरव के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया की उन्होंने दर्जनभर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया हुआ है। पुलिस आरोपितों की निशान देही पर एक गोदाम से 11 चोरी शुदा बाइको को बरामद कर लिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भीड़ भाड़ वाले इलाकों से बाइक चुराते थे। उन्होंने ज्यादातार बाइक नया बस अड्डा, नागरिक हस्पताल, कोर्ट परिसर व शहर में अन्य स्थानों से चोरी किया था।
एवीटी स्टाफ प्रभारी यशवीर ने मंगलवार को बताया कि गिरोह कई दिनों से सक्रिय था। तीन आरोपितों को काबू कर उनके कब्जे से 11 बाइक बरामद की गई हैं। आरोपित से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

