home page

जींद : सड़क हादसे में पीजीआई रोहतक कर्मी की मौत

 | 
जींद : सड़क हादसे में पीजीआई रोहतक कर्मी की मौत


जींद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गांव कंडेला के निकट तेजरफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक पीजीआई रोहतक में स्वीपर के पद पर कार्यरत था। सदर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जुलाना के वार्ड नंबर 11 निवासी 52 वर्षीय राजकुमार बाइक पर सवार होकर कैथल की तरफ जा रहा था। गांव कंडेला के निकट तेजरफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक गाड़ी को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस तथा मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया।

मृतक के बेटे विशाल ने पुलिस को बताया कि उसका पिता राजकुमार पीजीआई रोहतक में स्वीपर के पद पर कार्यरत था। उसका पिता मंगलवार को बाइक पर सवार होकर उसकी बुआ के बीमार बेटे का हालचाल जानने के लिए गांव बुटाना कैथल जा रहा था। रास्ते में गांव कंडेला के पास हादसा हो गया।

सदर थाना पुलिस ने विशाल की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को जानकारी देते हुए सदर थाना के जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा