home page

पलवल में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
पलवल में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बरामद, एक गिरफ्तार


पलवल, 05 जून (हि.स.)। जिले में नकली स्वास्थ्य उत्पादों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथीन सीआईए की टीम ने एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर नामी कंपनियों के नकली प्रोटीन सप्लीमेंट और फूड प्रोडक्ट्स की बड़ी खेप बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव बाता निवासी कुलभूषण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नामी कंपनियों के नाम पर नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा था।हथीन सीआईए प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम पलवल बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान ग्लैनबीया कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि लोकेश कुमार ने सूचना दी कि किठवाड़ी चौक पर दुकान संचालित करने वाला कुलभूषण अपने भाई के साथ मिलकर नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महाराणा प्रताप कॉलोनी स्थित आरोपी के मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी में पुलिस को ग्लैनबीया कंपनी के 96 डिब्बों सहित बड़ी संख्या में नकली प्रोटीन सप्लीमेंट और अन्य फूड प्रोडक्ट्स बरामद हुए।पुलिस ने सभी नकली उत्पादों को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ शहर थाना पलवल में ट्रेड मार्क एक्ट, कॉपीराइट एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि नकली उत्पाद कहां तैयार किए जा रहे थे और इन्हें किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग