home page

हिसार : 36 साल बाद शहीद भरत सिंह को मिला सम्मान, खांडा खेड़ी में बनेगा स्मारक

 | 
हिसार : 36 साल बाद शहीद भरत सिंह को मिला सम्मान, खांडा खेड़ी में बनेगा स्मारक


हिसार : 36 साल बाद शहीद भरत सिंह को मिला सम्मान, खांडा खेड़ी में बनेगा स्मारक


ऑपरेशन मेघदूत में पांच अप्रैल 1990 को भरत सिंह हुए थे शहीद

पत्नी की 36 साल की लड़ाई लाई रंग, 18 लाख की लागत से बनेगा स्मारक

हिसार, 18 जुलाई (हि.स.)। कहते हैं कि शहीद कभी मरते नहीं, वे देशवासियों के

दिलों में हमेशा जीवित रहते हैं, लेकिन कई बार उनके सम्मान के लिए परिजनों को वर्षों

तक संघर्ष करना पड़ता है। ऐसा ही संघर्ष जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव खांडा खेड़ी

के शहीद भरत सिंह के परिवार ने किया। देश की रक्षा करते हुए वर्ष 1990 में सर्वोच्च

बलिदान देने वाले वीर सैनिक को आखिरकार 36 वर्षों बाद वह सम्मान मिलने जा रहा है, जिसका

उनका परिवार लंबे समय से इंतजार कर रहा था। गांव के बस स्टेंड पर अब करीब 18 लाख रुपये

की लागत से उनका भव्य बलिदान स्मारक बनाया जा रहा है। स्मारक निर्माण शुरू होते ही

शहीद की पत्नी मीना की आंखों में वर्षों का दर्द और चेहरे पर संतोष की मुस्कान एक साथ

दिखाई दी।

भरत सिंह बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखते थे। वर्ष

1979 में दसवीं पास करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना जॉइन की। अपनी सेवा के दौरान

देश के विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात रहे और पूरी निष्ठा से कर्तव्य निभाया।

वर्ष 1990 में उनकी पोस्टिंग लेह-लद्दाख में हुई। पांच अप्रैल 1990 को ऑपरेशन मेघदूत

के दौरान पाकिस्तान की ओर से हुए हमले का बहादुरी से सामना करते हुए उन्होंने मातृभूमि

की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनकी वीरता ने दुश्मन के मंसूबों को नाकाम

कर दिया, लेकिन देश ने अपना एक जांबाज सपूत खो दिया।

उस समय उनके पीछे पत्नी मीना, तीन वर्षीय बेटी रेनू और डेढ़ वर्षीय बेटा संदीप

रह गए थे। पति की शहादत के बाद मीना ने अकेले ही दोनों बच्चों का पालन-पोषण किया। कठिन

परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार दिए। आज बेटी रेनू

विदेश में रह रही है, जबकि बेटा संदीप उपमंडल कार्यालय में सरकारी सेवा में कार्यरत

है।

शहीद के पुत्र संदीप ने शनिवार काे बताया कि पिछले 12 वर्षों से परिवार बलिदान स्मारक

बनवाने की मांग को लेकर लगातार प्रयास कर रहा था। करीब चार वर्ष पहले गांव के सरकारी

विद्यालय का नाम शहीद भरत सिंह के नाम पर रखा गया था, लेकिन परिवार की सबसे बड़ी इच्छा

स्मारक निर्माण की थी। अब एसडीएम विकास यादव के प्रयासों और जिला परिषद की ग्रांट से

यह सपना साकार होने जा रहा है।

गांव पंचायत ने स्मारक के लिए 600 गज भूमि उपलब्ध कराई है। यहां शहीद भरत सिंह

की प्रतिमा, आकर्षक लाइटिंग, चारदीवारी और सुंदर पार्क का निर्माण होगा, ताकि आने वाली

पीढ़ियां इस वीर सपूत के बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

शहीद की पत्नी मीना ने भावुक होकर कहा कि पिछले 36 वर्षों में उन्होंने अनगिनत

सरकारी कार्यालयों और जनप्रतिनिधियों के दरवाजे खटखटाए। कई बार उम्मीद जगी, लेकिन हर

बार निराशा हाथ लगी। अब जब स्मारक निर्माण शुरू हुआ है तो ऐसा लग रहा है कि उनके पति

की शहादत को सच्चा सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के एक संवेदनशील अधिकारी

की पहल ने वर्षों पुराने घावों पर मरहम लगाने का काम किया है। खांडा खेड़ी का यह बलिदान

स्मारक केवल ईंट-पत्थरों का निर्माण नहीं होगा, बल्कि यह उस वीर सैनिक की अमर गाथा

का प्रतीक बनेगा, जिसने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर