home page

जींद : जिला परिवहन विभाग ने जांची स्कूल बसें

 | 
जींद : जिला परिवहन विभाग ने जांची स्कूल बसें


जींद, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिला परिवहन विभाग द्वारा गुरूवार को स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच स्कूलों में 11 बसों की जांच की गई। इसमें से दो बसों में कैमरा, इंश्योरेंस व फायर सिलिंडरों की कमी पाए जाने के कारण छह हजार रुपये का चलान किया गया। जबकि इससे पिछले सप्ताह में चार स्कूलों की 18 बसों की जांच हुई थी। जिसमें से तीन बसों में फायर सिलिंडर, फस्र्ट एड बाक्स व सीसीटीवी कैमरा नहीं मिलने पर अढाई हजार रुपये का चालान किया गया था।

गौरतलब है कि सप्ताह में हर गुरूवार को जिला परिवहन विभाग की टीम स्कूली बसों की जांच को लेकर अभियान चलाती है। जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें जिला परिवहन विभाग कार्यालय से इंस्पेक्टर, एमवीआइ, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी से एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाता है।

जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है। जिसमें रिफ्लेक्टर, फायर सिलिंडर, सहित चालक व परिचालकों के लाइसेंस की जांच की जाती है। जिले में 350 से ज्यादा प्राइवेट स्कूल हैं। इसमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यार्थियों को स्कूल व घर पर ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था होती है। नियमानुसार इसमें एक सहायक भी तैनात होता है।

इसके अलावा बस में जीपीएस व सीसीटीवी कैमरे भी लगे होना अनिवार्य होते हैं। जिला परिवहन विभाग के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बसों की जांच कर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन सुविधा मुहैया करवाना है। स्कूली बसों की जांच के लिए हर गुरूवार को अभियान चलाया जाता है। जांच के दौरान जो-जो कमियां पाई जाती हैं, उस आधार पर बसों का चालान किया जाता है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा