हिसार में सीएम फ्लाइंग ने ओवरलोड वाहनों पर कसा शिकंजा, 10 के चालान
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व
में कार्रवाई, साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक का जुर्माना
हिसार, 27 जून (हि.स.)। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने के उद्देश्य
से सीएम फ्लाइंग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले
वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 वाहनों के चालान किए गए तथा
विभिन्न अनियमितताओं के चलते कुल 5 लाख 50 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार
रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के यातायात
निरीक्षक हरविंदर सिंह, एसआई कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र तथा हेड कांस्टेबल विजय सहित
अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने शनिवार
को बताया कि टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन चालक ओवरलोड वाहन चलाकर
सड़क सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। इसके अलावा टैक्स चोरी, वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र
और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन जैसी अनियमितताओं की भी सूचना प्राप्त
हुई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शनिवार सुबह हिसार क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख
मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन
सर्टिफिकेट (आरसी), ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी),
टैक्स भुगतान से संबंधित दस्तावेज तथा वाहनों में लदे माल की चौड़ाई और वजन की भी बारीकी
से जांच की। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों के मौके पर ही
चालान किए गए। इन वाहनों पर ओवरलोडिंग, तेज गति से वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेजों की
कमी तथा अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामले पाए गए। चालानों के रूप में कुल 5
लाख 50 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिन वाहन मालिकों ने मौके पर ही ऑनलाइन
चालान राशि जमा करवा दी, उन्हें नियमानुसार आगे जाने की अनुमति दे दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

