home page

हिसार के जीवन हत्याकांड महापंचायत ने किया आंदाेनल का ऐलान

 | 
हिसार के जीवन हत्याकांड महापंचायत ने किया आंदाेनल का ऐलान


हिसार के जीवन हत्याकांड महापंचायत ने किया आंदाेनल का ऐलान


13 तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन

14 को टोल जाम व 15 अगस्त को सीएम के कार्यक्रम के विरोध का ऐलान

हिसार, 12 अगस्त (हि.स.)। शहर के सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की

हत्या के मामले में न्याय की मांग पर बुधवार को जिले के लघु सचिवालय के सामने बड़ी

महापंचायत हुई। करीब चार घंटे चली महापंचायत में प्रदेशभर से खाप पंचायतों और किसान

संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। महापंचायत में पुलिस को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी

के लिए 13 अगस्त तक का समय देने का निर्णय लिया गया। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन

को और तेज करने का ऐलान किया गया।

महापंचायत में लिए गए फैसले के अनुसार 14 अगस्त को प्रदेशभर के टोल नाकों को

जाम किया जाएगा, वहीं 15 अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम

का विरोध करने की घोषणा की गई। महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि हत्या के मामले में

शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

बता दें कि 4 अगस्त को सूर्यनगर क्षेत्र में डेयरी संचालक जीवन कुंडू पर कथित

तौर पर 12 से 15 बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल जीवन

की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही परिवार और ग्रामीणों में रोष बना हुआ है तथा आरोपियों

की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पुलिस इस मामले में अब तक चार आरोपियों को

गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं मुख्य आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है

और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी

के लिए 10 टीमें गठित कर विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दी जा रही है।

महापंचायत में कुंडू खाप के पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने आरोप लगाया कि मामले

में आरोपी पुलिस का दलाल था। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष

कार्रवाई की मांग की। उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने आरोप लगाया कि मामले को भाजपा की

ओर से जातीय रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सुदेश कंडेला ने पुलिस अधीक्षक

की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एसपी के तबादले की मांग की।

महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि मामला केवल एक परिवार को न्याय दिलाने तक

सीमित नहीं है, बल्कि अपराध के खिलाफ समाज की एकजुटता का भी सवाल है। उन्होंने चेतावनी

दी कि यदि निर्धारित समय में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक

स्तर पर ले जाया जाएगा। महापंचायत के दौरान बड़ी संख्या में किसान, खाप प्रतिनिधि और

विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर