home page

जींद : रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट के विरोध में उतरे कालोनीवासी

 | 
जींद : रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट के विरोध में उतरे कालोनीवासी


जींद, 03 अप्रैल (हि.स.)। गोहाना रोड से सटे नए बस अड्डे के नजदीक रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट के विरोध में आसपास कालोनीवासियों ने आवाज बुलंद करते हुए धरना दिया। धरने पर समर्थन देने के लिए खाप प्रतिनिधि, राजनीतिक दल व अन्य गणमान्य लोग पहुंचे और सभी प्रतिनिधियों ने भोपाल कांड को याद करते हुए सरकार से तुरंत बायो गैस प्लांट पर तालाबंदी करने की मांग बुलंद की।

कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित धरने स्थल पर सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेताया गया कि यदि तय दिनों के दौरान इस प्लांट को बंद नहीं किया गया तो बड़ा और अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू होगा। जो मुकाम पूरा होने तक जारी रहेगा। धरने को संबोधित करते हुए नवीन जय हिंद, गांव हैबतपुर के सरपंच रिषिपाल सिहाग, माजरा खाप के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोरए सीटू जिला प्रधान रमेश चंद्र सहित कालोनीवासियों ने बायो गैस प्लांट के मैनेजर के मार्फत कंपनी के चेयरमेन को भी ज्ञापन भेजते हुए तुरंत ही प्लांट को बंद करने की मांग की। धरने पर लोगों के गुस्से को भांपकर बायो गैस प्लांट के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। उन्होंने कहा कि जब बड़ी कंपनी ने यहां जमीन ली तो स्थानीय लोगों को सब्जबाग दिखाए गए कि यहां कोई खास सौगात दी जाएगी, मगर सौगात की जगह गोबर से तैयार करने वाली गैस के तौर पर जो बम यहां रिहायशी क्षेत्र में तैयार किया गया है वह जींद के लोगों को मौत की नींद सुला सकता है। रिहायशी क्षेत्र में गैस प्लांट लगाने की मंजूरी देने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

नवीन जयहिंद ने कहा कि जींद के लोगों की जिंदगी को खतरे में झाैंकने के पीछे भ्रष्टाचार का बड़ा खेल हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगले दो दिनों के दौरान जींद जिले में आ रहे है। मुख्यमंत्री खुद प्लांट के नजदीक एक दिन बिता कर देखें ताकि उनको भी अहसास हो जाए कि प्लांट का धुंआ और उससे निकलने वाली बदबू में रहना कितना जोखिम भरा है। कांग्रेस जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में बायो गैस प्लांट बनाना सीधे तौर पर जींद के लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा