home page

सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण व टीकाकरण को किया जागरूक

 | 
सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण व टीकाकरण को किया जागरूक


नूंह, 28 सितंबर (हि.स.)। एसएचकेएम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण को लेकर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार के मार्गदर्शन एवं तत्वावधान में किया गया।

शिविर के दौरान बाल रोग विभाग की प्रमुख डॉ. आरती एवं उनकी टीम ने कुल 95 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने बच्चों के माता-पिता को बच्चों के समुचित स्वास्थ्य, पोषण और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में आवश्यक जानकारी दी। साथ ही बच्चों को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने तथा उनके निवारण के उपायों को लेकर अभिभावकों को विस्तार से परामर्श दिया गया।

मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, निदेशक डॉ. मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं स्वास्थ्य योजनाओं को जनहित में धरातल तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत लगातार विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत आगामी 16 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता प्रदान करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया