जींद : नीट की परीक्षा में 74 परीक्षार्थी रहे गैर हाजिर, 2857 ने दी परीक्षा
जींद, 03 मई (हि.स.)। जिला में रविवार को छह परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 2931 परीक्षार्थियों में से 2857 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे और 74 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा को नकल रहित संपन्न करवाने के लिए भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया था। सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्र में एंट्री टाइम शुरू था। ठीक समय पर परीक्षा केंद्र पर एंट्री शुरू हुई। पहले निजी कंपनी के नुमाइंदों द्वारा परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड व आधार कार्ड जांचे गए। इसके बाद गेट पर तैनात पुलिसकर्मिर्यों द्वारा गहनता से जांच किए जाने के बाद परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया।
फिर परीक्षार्थी की बायोमेट्रिक व अन्य कागजातों की जांच हुई और तब जाकर परीक्षार्थी की परीक्षा केंद्र में एंट्री हुई। परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में पानी की बोतल, एडमिट कार्ड ले जाने की ही इजाजत थी। कोई अवांछित सामग्री अंदर न पहुंचे इसके लिए महिला परीक्षार्थियों को भी जांचने का काम किया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसी टीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अन्य आवश्यक तकनीकी प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे। कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गैजेट या अन्य प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नही थी। परीक्षा के दौरान हर परीक्षा केंद्र पर खूफिया विंग ने भी सतर्कता रखी और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
डयूटीरत कर्मचारियों के कागजात जांचे, परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाडिय़ों की तलाशी ली और उनमे बैठे लोगों से बातचीत की। फोटो स्टेट दुकानों तथा कोचिंग सेंटरों को बंद करवाया गया और चेतावनी दी की अगर परीक्षा के दौरान वे अपने संस्थानों को न खोलें और न ही अवांछित तत्व को अंदर आने दें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर तथा अंदरूनी हालातों, डयूटीरत कर्मचारियों पर खूफिया विंग के सदस्य लगातार नजर रखे हुए थे। सेंटरों के बाहर बाहर खड़ी गाडिय़ों की जांच की गई। कर्मचारियों से पूछताछ की गई और उनके आई कार्ड भी जांचे गए। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि नीट परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल रहित तरीके से संपन्न करवाया गया है। परीक्षा को संपन्न को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए थे। कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों में बिना चैक किए प्रवेश नहीं कर पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

