जींद : नोट दोगुने करने का झांसा दे ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
जींद, 23 मई (हि.स.)। लोगों को नोट दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को सदर थाना नरवाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने पकड़े गए चारों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बेलरखां के निकट होटल के सामने कुछ कार सवार युवक खड़े हुए हंै। जो लोगों को नोट दोगुने करने का झांसा देकर उनके साथ धोखाधड़ी करते हैं। आरोपित कागजों की गड्डी बना उन के ऊपर तथा नीचे असली नोट लगा देते हैं। सौदेबाजी के दौरान पुलिस रेड होने की बता कह कर राशि लेकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस ने फर्जी ग्राहक बना कार सवार युवकों के पास भेजा। दस हजार रुपये के बदले दोगुणे नोट देने की बात कही। उसी दौरान इशारा मिलते ही पुलिस ने कार सवार युवकों को काबू कर लिया। पुलिसकर्मियों ने जब गाड़ी में रखे बैग की तलाशी तो उसमें कुल 58 नोटों की गड्डी थी। 41 गड्डी ऐसी थी, जिनके बीच में कागज तथा ऊपर नीचे 500-500 के नोट लगे थे। जबकि 17 गड्डी ऐसी थी जिनमें ऊपर-नीचे 10 -10 के नोट तथा बीच में कागज था।
खास बात यह थी कि गड्डी के दोनों और पेंसिल से लाइन लगाई गई थी जो हूबहू उसी करेंसी लग रही थी। गड्डियों को पॉलीथिन डाला गया था। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए कार सवार लोगों की पहचान गांव कन्हड़ी निवासी संजय, खनौरी रोड कैथल निवासी अनिल, गांव रसीना निवासी सौरभ के रूप में हुई। शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी कृष्ण ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए तीनों लोगो के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

