home page

जींद : जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय ने स्कूली बसों की जांच को चलाया अभियान

 | 
जींद : जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय ने स्कूली बसों की जांच को चलाया अभियान


जींद, 02 जुलाई (हि.स.)। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय ने ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद स्कूली बसों की और से जांच अभियान गुरूवार से शुरू कर दिया है। अभियान के दौरान टीम ने सफीदों क्षेत्र के दो निजी स्कूलों की 35 बसों की जांच की गई। इस दौरान सभी मानक पूरे पाए गए। जिसके चलते कोई चालान नहीं हुआ।

गौरतलब है कि सप्ताह में हर गुरूवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय टीम स्कूली बसों की जांच को लेकर अभियान चलाती है। जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से इंस्पेक्टर, एमवीआई, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी से एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाता है। जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है। गत 22 मई को टीम ने स्कूली बसों की जांच की गई थी। इस दौरान पांच स्कूलों में 16 बसों की जांच की गई। चार बसों में सीसीटीवी कैमरा, फायर सिलेंडर व फस्र्ट एड बाक्स नहीं मिलने पर छह हजार रुपये का चालान किया गया था। बढ़ती गर्मी के चलते स्कूलों में 25 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित हो गए थे। इसके बाद से बसों की जांच का अभियान रुक गया था। जो गुरूवार को फिर से शुरू हुआ है।

जिले में 350 से ज्यादा निजी स्कूल हैं। इसमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। नियमानुसार बसों में एक सहायक भी तैनात होता है। इसके अलावा बस में जीपीएस व सीसीटीवी कैमरे भी लगे होना अनिवार्य होते हैं। बस का परमिट व चालक के पास हैवी लाइसेंस जैसे कागजात भी जरूरी होते हैं लेकिन प्राइवेट बस चालक कई बार इन नियमों का पालन नहीं करते। बस भी ज्यादा स्पीड में चलाते हुए पाए जाते हैं, जिससे सड़क हादसे का खतरा बना रहता है।

ऐसे में हर गुरूवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम द्वारा बसों की जांच की जाती है और जांच के दौरान खामियां पाए जाने पर चालान किया जाता है। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद गुरूवार को सफीदों क्षेत्र के दो निजी स्कूलों की 35 बसों की जांच की गई। इस दौरान सभी मानक पूरे पाए गए। जिसके चलते कोई चालान नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा