home page

जींद : हर घर का कनेक्शन होगा वैध, मिलेगा नहरी पानी

 | 
जींद : हर घर का कनेक्शन होगा वैध, मिलेगा नहरी पानी


जींद, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जींद शहर में हर घर तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कमर कस ली है। इसके लिए जहां महत्वपूर्ण परियोजना का काम बडोदी गांव में बड़ी जोर-शोर से चल रहा है, वहीं शहर में सभी घरों का पेयजल कनेक्शन नियमित करने के लिए विभाग द्वारा जोरदार अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए स्वयं सहायता समूह की टीम हर घर का कनेक्शन वेरिफिकेशन के लिए सर्वे करके नए कनेक्शन का डाटा अपलोड कर रही हैं वहीं विभाग की टीमें अवैध कनेक्शन पर शिकंजा के लिए नोटिस व घर घर जाकर दस्तक दे रही है।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने सोमवार को नेताजी कालोनी में टीमों का अवलोकन करने के बाद कार्य में तेजी लाने की बात कही। उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की टीमों द्वारा जींद शहर के हर घर का सर्वे स्वयं सहायता समूह की सहायता से करवाया जा रहा है। इस सर्वे के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि उपभोक्ता का पेयजल कनेक्शन नियमित है या नही। कनेक्शन का वेरिफिकेशन के लिए उपभोक्ता से आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पेयजल नल का फोटो व अन्य जरूरी कागजात लेकर विभाग की साइट पर अपलोड किया जा रहा हैं ताकि सभी पेयजल कनेक्शन की वेरिफिकेशन की जा सके। इसके बाद जो नए कनेक्शन हैं, उन्हें विभाग द्वारा नियमित किया जाएगा। खंड समन्वयक दिनेश मलिक ने बताया कि टीम द्वारा जल संरक्षण, पेयजल एवं सीवरेज बिल रिकवरी का अभियान भी चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं को अपने पेयजल नल न पर टेप लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नल पर टेप के साथ जितनी पेयजल की जरूरत है, उतना उपयोग करके नल को बंद करने के लिए उपभोक्ता को कहा जा रहा है ताकि पानी को अधिक से अधिक बताया जा सके।

कार्यकारी अभियंता एवं नोडल अधिकारी भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि जींद शहर को नहरी पानी की सुविधा देने के लिए बड़ौदी गांव में प्रगति पर है। इस योजना को समय पर पूरा करने के लिए विभाग के अधिकारियों द्वारा समय समय पर साइट का निरीक्षण किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा