जींद में 2931 विद्यार्थी देंगे नीट की परीक्षा,तैयारियां पूरी
जींद, 02 मई (हि.स.)। जिला प्रशासन ने रविवार को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को लेकर जिला में कुछ छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होगी और पांच बजकर 20 मिनट पर खत्म होगी। परीक्षार्थी को आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। जहां 2931 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। रीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसी टीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अन्य आवश्यक तकनीकी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्णए निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आसपास फोटो स्टेट की दुकानों को बंद रखने के लिए कहा गया है। परीक्षा के दिन समय पर केंद्र पर पहुंचना बेहद जरूरी है। क्योंकि बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन सहित अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी करनी होंगी।
परीक्षार्थी अपने साथ केवल एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र ही लेकर जा सकेंगे। कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गैजेट या अन्य प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा की दृष्टि से एक निरीक्षक व तीन महिला पुलिस कर्मियों सहित कुल 21 पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। वहीं पांच प्रमुख लोकेशनों पर तीन उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी निगरानी एवं समन्वय के लिए नियुक्त किए गए हैंए जो पूरे सिस्टम पर सतत नजर बनाए रखेंगे। इसके अतिरिक्त, जिले में पांच पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। जिनमें प्रत्येक पार्टी में चार पुलिसकर्मी एवं दो असलाहधारी जवान शामिल हैं।
इन नाकों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़भाड़ एवं जाम की स्थिति से बचने के लिए पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है जिसके लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

