home page

जींद : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परीक्षाएं शुरू

 | 
जींद : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परीक्षाएं शुरू


जींद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी एक अप्रैल तक आयोजित होने वाली हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं बुधवार से शुरू हुई। 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक चलेंगी तथा 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 25 फरवरी से एक अप्रैल तक आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं भी साथ-साथ संचालित की जा रही हैं। सभी परीक्षाएं नकलरहित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, इसके लिए संबंधित एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की अगुवाई में उडऩदस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

जिले में कोई भी परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित नही

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्डए भिवानी के तत्वावधान में जिला जींद में कुल 88 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें उपमंडल जींद में 40, नरवाना में 15, सफीदों में 15 तथा उचाना में 18 केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षाओं में 12वीं कक्षा के 16,066, 10वीं कक्षा के 17,417 तथा डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के 212 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में कोई भी परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित नही है। फिर भी अहतियात के तौर पर कुछ केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं डिजिटल वॉच पूर्णत: प्रतिबंधित की गई है। बाकायदा परीक्षार्थियों की एंट्री के दौरान सघन जांच सुनिश्चित की गई है।

सीएम ने वीसी के माध्यम से दिए निर्देश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि जिला में संचालित हो रही परीक्षा के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। डीसी ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम अपने-अपने उपमंडल में संबंधित डीएसपी के साथ समन्वय स्थापित करें तथा स्वयं भी फील्ड में उपस्थित रहें। प्रत्येक अधिकारी कम से कम एक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण अवश्य करे। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बने केंद्रों में परीक्षाओं को नकल रहित करवाने के लिए संबंधित नंबरदार, सरपंच एवं पंचायत सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने के लिए संवाद स्थापित करें। जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा