home page

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका को याद करेगा हरियाणा : नायब सैनी

 | 
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका को याद करेगा हरियाणा : नायब सैनी


हर घर तिरंगा’ अभियान बन रहा जन-आंदोलन

चंडीगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजादी का उत्सव मनाते हैं, उसके लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी और विभाजन की त्रासदी में असहनीय पीड़ा झेली।

सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नायब सैनी ने कहा कि 14 अगस्त की वह काली रात थी, जब लाखों महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और बेटियों को भयंकर पीड़ा का सामना करना पड़ा। अनेक लोगों ने अपना घर, कारोबार और परिवार तक खो दिया। उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी लोगों को याद करने का दिन है, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपना सब कुछ खो दिया। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढिय़ों को विभाजन की त्रासदी और उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा के बारे में जानकारी मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकालने तथा प्रत्येक नागरिक से अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद यह अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले रहा है।

उन्होंने कहा कि 9 अगस्त से नारनौल में तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई है और पूरे प्रदेश में लाखों युवा ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश का अभियान है। हम सभी को मिलकर इसे आगे बढ़ाना चाहिए। देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए यह तिरंगा यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा