home page

हरियाणा में एक करोड़ 22 लाख मतदाताओं का ब्यौरा हुआ अपलोड

 | 

14 जुलाई से पहले जमा करवाने होंगे फार्म

चंडीगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अब तक कुल एक करोड़ 99 लाख 18 हजार 634 (96.43 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से एक करोड़ 22 लाख आठ हजार 806 (59.11 प्रतिशत) गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से प्राप्त कर सफलतापूर्वक अपलोड किए जा चुके हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि मतदाता एक प्रति में आवश्यक विवरण भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस सौंपें तथा दूसरी प्रति पर बीएलओ के हस्ताक्षर प्राप्त कर उसे रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखें। 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त होंगे। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र समय पर प्राप्त नहीं होंगे, उनके नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।

ऐसे में सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे समय रहते सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करें तथा प्राप्ति रसीद अवश्य लें। मतदाता चाहें तो अपना गणना प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी भर सकते हैं।

गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने बीएलए-2 के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें तथा अधिक से अधिक गणना प्रपत्र भरवाकर बीएलओ के पास समय पर जमा करवाने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा