home page

12वीं परिणाम में कैथल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, नितिन व मुस्कान ने किया जिला टॉप

 | 
12वीं परिणाम में कैथल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, नितिन व मुस्कान ने किया जिला टॉप


कैथल, 13 मई (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कैथल जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। खण्ड शिक्षा अधिकारी बिमला सिरोही ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुहणा के छात्र नितिन कुमार (पुत्र सुनील कुमार) ने कॉमर्स संकाय में 500 में से 485 अंक प्राप्त कर जिला में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखोली अड्डा की छात्रा मुस्कान (पुत्री राजेंद्र सिंह) ने आर्ट्स संकाय में 500 में से 492 अंक प्राप्त कर जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा आरुषि और रंजना ने 490-490 अंक प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। बीईओ बिमला सिरोही ने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार उपलब्धि संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बने हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से जीवन में हर सफलता हासिल की जा सकती है। जाखोली अड्डा की छात्रा मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को देते हुए कहा कि उन्हें समय-समय पर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलता रहा, जिससे वह अच्छे अंक प्राप्त कर सकी।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों को फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई। इस अवसर पर प्रिंसिपल नफे सिंह सहित विक्रम, सतपाल, सुरेंद्र चहल, विजेंद्र सिंह, गुलाब, महेंद्र, जोगिंद्र, सतीश, दीपचंद, संजय, सुशीला, सुमेश, प्रगति, रितु, तेजपाल, फूल सिंह, सुनील, सोमप्रकाश, मोहन लाल, संदीप और बसाऊ राम आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे