home page

हिसार : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से बढ़ी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता : प्रो. बीआर कम्बोज

 | 
हिसार : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से बढ़ी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता : प्रो. बीआर कम्बोज


हकृवि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम

आयोजित

हिसार, 17 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र

मोदी के 76वें जन्म दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सामूहिक

पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भू-दृश्य संरचना इकाई एवं छात्र कल्याण निदेशालय

की ओर से गुरुवार काे कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति

प्रो. बीआर कम्बोज ने अर्जुन का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने लोगों में

पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे वायु को शुद्ध करने, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने,

तापमान संतुलित रखने तथा मिट्टी एवं जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। बढ़ते

प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा

भी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी

भी निभानी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि पौधारोपण को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक

सीमित न रखते हुए इसे नियमित जन-अभियान का स्वरूप दिया जाए।

कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय कुमार

वशिष्ठ ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रधानमंत्री

नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर एवं कृषि विज्ञान केंद्रों

में इस अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों

एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पौधों की देखभाल के प्रति

जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

मातृ सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

भू-दृश्य संरचना इकाई के अध्यक्ष डॉ. अरविंद मलिक ने बताया कि ‘एक पेड़ मां

के नाम’ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री

नरेंद्र मोदी द्वारा 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान

का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल के

लिए प्रेरित करना है। यह पहल मातृ सम्मान को प्रकृति संरक्षण से जोडऩे का संदेश देती

है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, विभागाध्यक्ष सहित शिक्षक,

गैर-शिक्षक कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने भी पौधरोपण किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर