हिसार : निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा ने किया कार्यालय का निरीक्षण
हिसार, 30 जून (हि.स.)। निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा ने पदभार ग्रहण करने के
बाद मंगलवार को पहली बार नगर निगम कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के
दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों
से कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा कार्यालय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित
बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, अतिरिक्त निगमायुक्त वीरेन्द्र
सहारण, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता जयबीर डूडी, एमई कर्मपाल सिंधू,
सचिव संजय शर्मा, अकाउंटेंट राधेश्याम तथा कार्यालय सहायक सुरेन्द्र वर्मा आदि मौजूद
रहे। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नगर निगम की विभिन्न शाखाओं का दौरा कर वहां
संचालित कार्यों, उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जीआईएस लैब, इलेक्ट्रिक
शाखा, भूमि शाखा, तकनीकी शाखा, प्रॉपर्टी टैक्स शाखा, बागवानी शाखा, सीपीओ शाखा, अकाउंट
शाखा, ऑडिट शाखा, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण शाखा, विवाह पंजीकरण शाखा, स्थापना शाखा,
आरटीआई शाखा, एचवीसी शाखा, आईटी सेल शाखा, डीएमसी शाखा तथा नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी)
का निरीक्षण किया। प्रत्येक शाखा में उन्होंने कर्मचारियों से संवाद करते हुए कार्यों
की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।
इसके अलावा उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों
की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार रखें, जिससे विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों
की प्रभावी समीक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, समयबद्ध कार्य और बेहतर
जनसेवा नगर निगम की प्राथमिकता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ
कार्य करते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर
प्रयास करने चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

