हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में वाणिज्य दिवस पर रचनात्मकता का उत्सव, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
पोस्टर, रंगोली, रील मेकिंग और क्विज प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर
लिया हिस्सा
हिसार, 04 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के वाणिज्य विभाग में मंगलवार को वाणिज्य दिवस (कॉमर्स डे) उत्साह और उमंग के साथ मनाया
गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, ज्ञान और कौशल को प्रोत्साहित करने के
लिए पोस्टर मेकिंग, रंगोली, रील मेकिंग तथा क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया,
जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अपने संदेश में वाणिज्य
दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों
के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों
को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार क्षमता प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच उपलब्ध
कराते हैं।
वाणिज्य विभाग की अध्यक्षा डॉ. निधि तुरान ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम
विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास
करते हैं तथा उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों
ने वाणिज्य एवं व्यवसाय से जुड़े विषयों को आकर्षक और कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
वहीं रील मेकिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने आधुनिक तकनीक और रचनात्मक सोच का परिचय
देते हुए अपने विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों
ने वाणिज्य, व्यवसाय और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक सामना किया।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न
प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा, टीमवर्क, संचार कौशल और
ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय
भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

