हांसी :आरोपियों की गिरफ्तारी तक नहीं होगा पूर्व सैनिक का संस्कार,पंचायत का फैसला
पहले गिरफ्तारी, फिर पोस्टमार्टम, हाइवे जाम की चेतावनी
आरोपियों ने
4-5 करोड़ हड़पे होटल तक बिकवा दिया
हांसी, 07 जून (हि.स.)। पूर्व सैनिक सुंदर पंघाल
की आत्महत्या के मामले में रविवार को उनके पैतृक गांव भगाना में पंचायत हुई। पूर्व
सरपंच, मौजूदा सरपंच और ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक सुसाइड नोट में नामजद आरोपियों
की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और न ही शव लेंगे।
पंचायत में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि पुलिस
ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन तेज होगा। जरूरत पड़ी तो हाईवे जाम भी किया जाएगा।
ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेगा।
63 वर्षीय पूर्व सैनिक सुंदर पंघाल ने शनिवार
को हांसी के विकास नगर स्थित मकान में जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को मौके
से सुसाइड नोट मिला। घर से 8 पेज का एक और विस्तृत नोट भी बरामद हुआ है। इसमें मृतक
ने मकान मालिक और उसकी पुत्रवधू पर 4 से 5 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुंदर पंघाल ने आरोपियों
को पैसे देने के लिए अपना होटल और अन्य संपत्तियां तक बेच दी थीं। लंबे समय तक रकम
वापस मिलने की उम्मीद में प्रयास करते रहे, समाधान न निकलने पर आत्मघाती कदम उठाया।
एक और ग्रामीण ने लगाए 85 लाख ठगी के आरोप पंचायत में गांव के अनूप खान ने भी आरोप लगाए।
उन्होंने बताया कि उसी महिला ने उनसे जमीन बेचने के नाम पर करीब 85 लाख रुपये लिए थे।
तीन साल पहले 49 कनाल 17 मरले जमीन का सौदा हुआ, लेकिन न जमीन नाम हुई, न पैसे वापस
मिले। अनूप खान एक साल पहले कोर्ट भी जा चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

