home page

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने लाखों लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए 4470 करोड़ रुपये

 | 
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने लाखों लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए 4470 करोड़ रुपये


चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों लाभार्थियों और पंचायती राज संस्थाओं व नगरपालिकाओं के बैंक खातों में सीधे 4,470.77 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता में कहा कि आज 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी' योजना की 13वीं किस्त जारी की। इसके तहत 10 लाख 59 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 222.52 करोड़ रुपये की राशि डाली गई है। इसे मिलाकर अब तक 13 किस्तों में 2,689.15 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इस योजना का दूसरा चरण गत 17 सितंबर से शुरु हो चुका है। सरकार ने इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए वार्षिक आय सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपये कर दिया है। आज जारी की गई राशि में ऐसी 49,290 पात्र बहन-बेटियां शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1 हजार 135 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि सीधे 35 लाख 26 हजार 358 लाभार्थियों के बैंक खातों में डाली। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने 'हर घर-हर गृहिणी' योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 6 लाख 5 हजार बहनों के बैंक खातों में सितंबर माह की 24 करोड़ 25 लाख रुपये की सब्सिडी भी जारी की। आज जारी की गई राशि को मिलाकर अब तक 14 लाख 66 हजार पात्र बहनों के बैंक खातों में कुल 404 करोड़ 46 लाख रुपये की राशि डाली जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने गांवों के विकास कार्यों के लिए राज्य वित्त आयोग के तहत 2,316 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी कड़ी में आज राज्य वित्त आयोग अनुदान की पहली एवं दूसरी किस्त के तहत 1,158 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह राशि 22 जिला परिषदों, 143 पंचायत समितियों और 6,230 ग्राम पंचायतों के बैंक खातों में डाली गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सरकार ने शहरों के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग योजना में 2,754 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। आज प्रदेश की नगर पालिकाओं को 1,727.80 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। आज की राशि मिलाकर अब तक इस वित्त वर्ष में पालिकाओं को 1927.80 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दयालु योजना के तहत 5,429 परिवारों को 202.99 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। आज जारी की गई आर्थिक सहायता को मिलाकर, अब तक 97,655 परिवारों को 3,682.83 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा