सोनीपत: स्क्रैप खरीदने के बहाने युवक से लूट, दो आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत, 19 जुलाई (हि.स.)। बहालगढ़
थाना पुलिस ने युवक के साथ मारपीट कर नकदी लूटने के मामले का खुलासा करते हुए रविवार
को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश
कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल सामान
और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
पुलिस
प्रवक्ता रविन्द्र सिंह ने बताया कि 18 जुलाई को बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी बादशाह
कुरैशी बहालगढ़ में किराये पर रहते हैं, उन्होंने थाना बहालगढ़ में शिकायत दी। शिकायत
के अनुसार उनका गांव खेवड़ा में फेरी लगाने गया था। वहां दो युवकों ने लोहे का स्क्रैप
खरीदने का झांसा देकर उसे सुनसान स्थान पर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट
की और जेब में रखे चार हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपी बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर
मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
शिकायत
के आधार पर थाना बहालगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज
किया गया। मामले की जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक सुरजीत सिंह की टीम ने घटनास्थल
का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए तथा तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर अजीतनिवासी
पुरनपुर, पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) और नितिन निवासी गांव कुताना, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश)
को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और लूटी गई नकदी
सहित अन्य बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

