home page

सोनीपत: मुरथल कैफे में फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़, मामला दर्ज

 | 
सोनीपत: मुरथल कैफे में फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़, मामला दर्ज


सोनीपत, 03 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत

के मुरथल स्थित एक कैफे में पार्टी समाप्त होने के बाद शनिवार की आधी रात फायरिंग,

मारपीट और तोड़फोड़ हो गई है। घटना में दो कर्मचारी घायल हो गए हैं। शिकायत के आधार

पर पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैफे

संचालक अनिल आंतिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अगस्त को सेक्टर तेईस, सोनीपत

निवासी सुमित दहिया ने रफ्तार कैफे का पार्टी हॉल बुक कराया था। रात करीब बारह बजे

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी वह अपने पांच साथियों के साथ कैफे की छत पर बैठकर

शराब पीता रहा। उस समय अधिकांश स्टाफ जा चुका था और केवल कुछ कर्मचारी ही मौजूद थे।

शिकायत

के अनुसार देर रात कुछ युवक नीचे आए और कर्मचारियों से खाना बनाने की मांग करते हुए

गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान एक

युवक ने कर्मचारियों को जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायर किया। हालांकि गोली

किसी कर्मचारी को नहीं लगी। इसके बाद आरोपितों ने कैफे में तोड़फोड़ की और घटना के

साक्ष्य मिटाने की नीयत से सीसीटीवी की डीवीआर अपने साथ ले गए।

शिकायत

में आरोप है कि होटल में काम करने वाले रितिक, गोल्डी और वरुण ने मारपीट के दौरान आरोपितों

का साथ दिया। साथ ही फायरिंग के बाद गोली का खाली खोल उठाकर फायर करने वाले युवक को

दे दिया। घटना की सूचना रात करीब तीन बजे मिलने पर कैफे संचालक मौके पर पहुंचे। घायल

कर्मचारियों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मेडिकल

रिपोर्ट के अनुसार कर्मचारी महेश के होंठ, आंख और चेहरे पर तीन चोटें मिलीं, जबकि राहुल

के सिर, हाथ, गर्दन और दोनों घुटनों सहित शरीर के कई हिस्सों पर पांच चोटें दर्ज की

गईं। सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण विशेषज्ञ

दल से कराया गया। पुलिस का कहना है कि शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों

के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना