सोनीपत: भारोत्तोलकों के चार स्वर्ण पदक विजेता चैंपियन का स्वागत
सोनीपत, 11 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद
में आयोजित राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में प्रताप स्कूल के खिलाड़ियों ने
चार स्वर्ण पदक जीतकर अंडर-17 वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी हासिल की। वहीं, अंडर-19
वर्ग में स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले
चारों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता
31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक दिल्ली में आयोजित होगी। रविवार काे विजेताओं काे सम्मानित किया गया।
अंडर-17
आयु वर्ग में परवेज ने 60 किलोग्राम और संभव ने 98 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
जीते। अंडर-19 वर्ग में आदित्य ने 79 किलोग्राम और प्रथम ने 98 किलोग्राम भार वर्ग
में स्वर्ण पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल रहा।
स्कूल
पहुंचने पर द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, प्रधानाचार्या
दया दहिया और शैक्षणिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया ने खिलाड़ियों का रविवार को स्वागत कर
उन्हें सम्मानित किया।
खेल
निदेशक ओमप्रकाश दहिया ने कहा कि खेलों में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, धैर्य
और दृढ़ संकल्प जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान
महत्व दिया जाता है। बेहतर खेल सुविधाओं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से खिलाड़ी लगातार
उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
में भी पदक जीतेंगे।
शैक्षणिक
निदेशक डॉ. सुबोध दहिया ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व
क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। स्कूल में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण
के साथ उनकी पढ़ाई पर भी ध्यान दिया जाता है। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल
प्रबंधन, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को दिया। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी
बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

