home page

सोनीपत: भाजपा व कांग्रेस पर जनता का भरोसा खत्म,इनेलाे बदलेगी हालात: सुनैना

 | 
सोनीपत: भाजपा व कांग्रेस पर जनता का भरोसा खत्म,इनेलाे बदलेगी हालात: सुनैना


सोनीपत, 08 मई (हि.स.)। इनेलो

की स्टार प्रचारक सुनैना चौटाला ने सोनीपत में प्रचार के दौरान कहा कि अब भारतीय जनता

पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर जनता का भरोसा कम हो चुका है और शहर बदलाव

चाहता है। उन्होंने कहा कि लोग पढ़ा-लिखा महापौर चुनना चाहते हैं और इस बार इंडियन

नेशनल लोकदल को मौका मिलेगा।

शुक्रवार

को सुनैना चौटाला ने महापौर उम्मीदवार आनंद खत्री के लिए समर्थन मांगा और कहा कि इनेलो

की जीत के बाद नगर निगम में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। बुढ़ापा

पेंशन और पीले कार्ड जैसी योजनाओं पर किसी की नजर नहीं पड़ने दी जाएगी। नगर निगम में

ठेका प्रथा समाप्त करने, पिछले पंद्रह वर्षों से ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों

को स्थायी करने और सीवर व बरसाती पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने का वादा

किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम दर्ज मकानों का गृह कर माफ किया जाएगा और

शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जाएगा। संपत्ति पहचान तंत्र में हो रही गड़बड़ियों

को खत्म करने की बात भी कही गई।

प्रचार

के दौरान वार्ड 22 में जोगेंद्र प्रजापति सेठा और वार्ड 19 में सचिन लाठिया के लिए

भी वोट मांगे गए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कुणाल गहलावत, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, प्रदीप

गिल, कृष्ण मलिक, पूर्व चेयरमैन सतपाल गोयल, सुरेश त्यागी, भूपेंद्र मलिक, पंडित राजेंद्र

गौड़, राजेंद्र जांगड़ा, साबर अली और रियाज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। चौटाला ने

कहा कि जनता चश्मा निशान पर बटन दबाए और शहर के विकास की जिम्मेदारी इनेलो पर छोड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना