सोनीपत: बदमाशों ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, दो पुलिस कर्मी घायल
-मामले में एक गिरफ्तार अदालत में
पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया
सोनीपत, 16 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में चोरी का डंपर लेकर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस के वाहन काे टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने पीछा करते
हुए अग्रसेन चौक के पास डंपर समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी चलते
डंपर से कूदकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
मुरथल
थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबाला क्षेत्र से चोरी किया गया डंपर सोनीपत की तरफ
आ रहा है। सूचना के बाद एएसआई बलराज, एएसआई सुमित और एएसआई युधवीर की टीम ने डंपर को
ट्रेस कर पीछा शुरू किया। पुलिस ने डंपर को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कथित तौर
पर पुलिस वाहन में तेज रफ्तार से पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने
डंपर से पुलिस वाहन को कुचलने का भी प्रयास किया।
सीसीटीवी
फुटेज में डंपर की तेज रफ्तार और पुलिस वाहन से हुई टक्कर का घटनाक्रम दिखाई दे रहा
है। आरोपी ने रास्ते में अन्य वाहनों को भी टक्कर मारने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों
ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बचाया और पीछा जारी रखा। पुलिस की कई टीमों ने अलग-अलग
रास्तों पर घेराबंदी कर अग्रसेन चौक के पास डंपर को रोक लिया। डंपर से खालिद निवासी
गांव अड़बर, जिला नूंह को गिरफ्तार कर चोरी का डंपर बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार,
उसका साथी आरिफ चलते डंपर से कूदकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित
ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पूछताछ
में खालिद ने यमुनानगर क्षेत्र से भी पहले डंपर चोरी करने की बात बताई है। पुलिस उसके
आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी की वारदातों के बारे में जांच कर रही है। पुलिस टीम पर
डंपर चढ़ाकर जानलेवा हमला करने के प्रयास के मामले में कार्रवाई की जा रही है। आरोपी
को अदालत मेंरविवार को पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसीपी
ऋषिकांत ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की
गई। चोरी का डंपर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी
के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

