सोनीपत: कॉमनवेल्थ में 11 पदकों के साथ दुनिया में गूंजा हरियाणा का नाम: डॉ अरविंद
सोनीपत, 03 अगस्त (हि.स.)। कॉमनवेल्थ
गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण, दो रजत और
दो कांस्य सहित 11 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पदक विजेताओं, उनके प्रशिक्षकों और परिजनों को
बधाई दी।
डॉ.
अरविंद शर्मा ने कहा कि सात स्वर्ण पदकों समेत ग्यारह पदक जीतना हरियाणा के लिए गर्व
की बात है। खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हरियाणा की धरती पर प्रतिभाओं
की कोई कमी नहीं है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रदेश के खिलाड़ियों
ने दुनिया के बड़े खेल मंच पर देश और हरियाणा का नाम रोशन किया है। इसमें हरियाणा की
बेटियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से पदक जीतकर प्रदेश
की बेटियों के सामने नई मिसाल कायम की है।
डॉ.
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति
सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। खेलो इंडिया जैसी पहल और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन
से देश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के
लिए लगातार काम कर रही है।
हरियाणा के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश की खेल प्रतिभा,
मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रमाण है। गांवों और छोटे शहरों से निकलकर खिलाड़ी आज
अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार
का प्रयास है कि प्रदेश के हर प्रतिभाशाली युवा को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर
प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर मिलें। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य
में भी इसी तरह देश का तिरंगा ऊंचा करते हुए प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

