सोनीपत: किराना स्टोर में हेरोइन बेचता तस्कर गिरफ्तार, 13.02 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
सोनीपत, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा
स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की सोनीपत इकाई ने गांव ताजपुर में किराना
स्टोर की आड़ में हेरोइन बेचने के आरोप में एक व्यक्ति मंगलवार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान ताजपुर निवासी दिनेश के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 13.02 ग्राम
हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अवैध बाजार में कीमत करीब 1.25 लाख रुपये आंकी गई है।
यूनिट
प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि नशा-रोधी गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से
सूचना मिली थी कि दिनेश ताजपुर से पहले बनी कॉलोनी में किराना की दुकान चलाता है और
दुकान पर किराने के सामान के साथ हेरोइन भी बेचता है। सूचना को विश्वसनीय मानकर टीम
बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां दुकान के सामने बनी पौड़ी पर एक व्यक्ति बैठा मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम दिनेश उर्फ पाला बताया।
इसके
बाद राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुर्ते की
जेब से पीले रंग की छोटी मोमी पन्नी मिली, जिसमें हल्के पीले रंग का पदार्थ था। आरोपी
ने इसे हेरोइन चिट्टा बताया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर मोमी पन्नी सहित पदार्थ
का कुल वजन 13.02 ग्राम निकला, जो मध्यम मात्रा की श्रेणी में आता है। मामले
में थाना मुरथल में मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस
आरोपी से हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ
कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

