सिरसा: शराब ठेका लूटने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
सिरसा, 05 जून (हि.स.)। जिले में शराब ठेके पर हुई लूटपाट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार व लूटी गई राशि भी बरामद कर ली है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि जिले के गांव दादू के शराब ठेके के सेल्जमैन के साथ मारपीट कर आरोपी लूटपाट के बाद फरार हो गए थे। सेल्जमैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शिकायत में सेल्जमैन ने बताया कि लुटेरे दस पेटी शराब व 55 सौ रुपये की नकदी लूट ले गए। पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी तीन आरोपियों जसप्रीत सिंह, जसविंद्र व अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
एटीएम कार्ड बदलकर दो लाख की चपत लगाई
जिला के गांव अबूबशहर में एटीएम कार्ड बदलकर एक व्यक्ति से करीब दो लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। अबूबशहर निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की अबूबशहर शाखा में है। वह गांव के डाकघर स्थित एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान उसके पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। आरोपी ने बाद में उनके एटीएम कार्ड का दुरुपयोग करते हुए खाते से कई बार नकदी निकाली। मोबाइल पर आए बैंक संदेशों से उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। पीडि़त ने बताया कि उनके खाते से करीब दो लाख रुपए निकाल लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

