सिरसा: वीएलडीए ने अस्पताल में किया सुसाइड
सिरसा, 22 जून (हि.स.)। जिले में वेटरनरी लाइव स्टॉक डिवलेपमेंट असिस्टेंट (वीएलडीए) अशोक कुमार ने आत्महत्या कर ली है। वीएलडीए का शव माधोसिंघाना के पशु अस्पताल में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि अशोक को स्टाफ द्वारा प्रताडि़त किया जा रहा था और उस पर काम का दबाव था।
गांव कैरांवाली निवासी अशोक कुमार वीएलडीए के पद पर गांव माधोसिंघाना के पशु अस्पताल में तैनात था। रविवार रात को छुट्टी के दिन भी अशोक अस्पताल में ही था। साेमवार सुबह परिजनों को अशोक द्वारा सुसाइड करने की खबर मिली तो वे अस्पताल में पहुंचे तो अशोक अस्पताल के दूसरी मंजिल के एक कमरे में पंखे से लटका हुआ था। परिजनों के अनुसार विभागीय काम के चलते अशोक रविवार को भी काम पर गया हुआ था और उस पर काम का अधिक दबाव था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
मृतक अशोक के भाई ने अधिकारियों और साथी कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि अशोक को प्रताडि़त किया जा रहा था। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पशु पालन विभाग के अधिकारी सुखविंद्र सिंह ने कहा कि अशोक पर किसी तरह का दबाव नहीं था। उन्होंने बताया कि अशोक के पास गांव के नजदीकी पशु अस्पताल का अतिरिक्त चार्ज था और माधोसिंघाना में उसकी पोस्टिंग थी। सोमवार को शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

