सिरसा: महिला सहित दो चूरापोस्त तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 30 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से एक महिला सहित दो चूरापोस्त तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दस किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी मनप्रीत कौर व रविंद्र सिंह के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी।
इसी दौरान एक महिला सडक़ किनारे प्लास्टिक का कट्टा लिए हुए बैठी दिखाई दी जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगी। महिला पुलिस कर्मी ने थैले की तलाशी ली तो उसमें से 9 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला की पहचान मनप्रीत कौर के रूप में हुई।
इसके अलावा पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान रानियां क्षेत्र से बाइक सवार युवक को एक किलो ग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। जीवननगर पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम रानियां क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक सवार युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रविंद्र सिंह के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

