home page

राज्यपाल ने रेडक्रॉस की नौ एंबुलेंसों को दिखाई हरी झंडी, जिलों में मिलेंगी मुफ्त सेवाएं

 | 
राज्यपाल ने रेडक्रॉस की नौ एंबुलेंसों को दिखाई हरी झंडी, जिलों में मिलेंगी मुफ्त सेवाएं


-जरूरतमंदों को मिलेगी मुफ्त सहायता

-प्रदेश में जल्द तैनात होंगे रेडक्रास शव वाहन

चंडीगढ़, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने गुरुवार को हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के माध्मय से संचालित होने वाली नौ एंबुलेंस को चंडीगढ़ से झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एंबुलेंस हरियाणा के विभिन्न जिलों में तैनात की जाएगी। इन एंबुलेंसों का उपयोग राज्य के सभी जिलों में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए नि:शुल्क किया जायेगा।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने हाल ही में मानवीय सेवाओं के मद्देनजर 09 नई एंबुलेंस हरियाणा राज्य रेडक्रॉस को भेंट करने की घोषणा की गई थी। उसी घोषणा के अनुरूप अब इन नई एंबुलेंसों को हरियाणा लोक भवन से रवाना कर मानवीय सेवाओं हेतु समर्पित किया गया। जिसका अनुमानित लागत मूल्य राशि 1 करोड़ रूपये है।

राज्यपाल ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में एंबुलेंस की अहम भूमिका होती है और रेडक्रॉस के माध्यम से यह सेवा समाज के लिए बड़ी राहत साबित होगी। हरियाणा के राज्यपाल के रूप में उनका सपना है कि राज्य के प्रत्येक जिले में रेडक्रास सोसायटी के पास कम से कम एक एंबुलेंस हो, ताकि हरियाणा रेडक्रास सोसायटी जरूरतमंद लोगों को सेवाएं और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में अग्रणी बन सके।

हरियाणा राज्य रेडक्रास सोसायटी के वाईस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि नई एंबुलेंस मिलने से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का दायरा और मजबूत होगा तथा समय पर जरूरतमंद लोगों को आपातकालीन सुविधाएं आसानी से मिल सकेगी। इसके साथ ही वाईस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि हरियाणा राज्य के सभी जिला रेडक्रास शाखाओं मेें एक-एक शव-वाहन की आवश्यकता है। इस अवसर पर हरियाणा लोक भवन के अधिकारी एवं हरियाणा रेडक्रॉस राज्य मुख्यालय के अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा