मेवात की धरती पर 27 सितंबर को मनाई जाएगी चौधरी देवीलाल की 131वीं जयंती
नूंह, 21 सितंबर (हि.स.)। मेवात की धरती पर 27 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की 131वीं जयंती बड़े स्तर पर मनाई जाएगी। जयंती समारोह को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह में दो लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इनेलो जिला अध्यक्ष ताहिर हुसैन व इनेलो पार्टी प्रधान महसचिव प्रताप सिह ने साेमवार काे पत्रकाराें से बातचीत में बताया कि जयंती समारोह के लिए करीब 75 एकड़ भूमि में लोगों के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समारोह स्थल पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं और पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। इनेलो नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवीलाल का जन्मदिन पार्टी की ओर से एक पर्व के रूप में मनाया जाएगा। समारोह में प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला मुख्य चेहरा होंगे।
पार्टी नेताओं का दावा है कि नूंह की धरती पर होने वाली यह रैली 1989 के बाद की सबसे बड़ी रैली होगी। जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए इनेलो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समारोह को लेकर मेवात क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
इनेलो नेताओं ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने हमेशा किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के हितों की आवाज उठाई। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम उनके विचारों और संघर्षों को याद करने का अवसर भी होगा। पार्टी की ओर से समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

