home page

मानेसर नगर निगम के निशाने पर टॉप 100 प्रॉपर्टी डिफाल्टर, होगी सीलिंग

 | 
मानेसर नगर निगम के निशाने पर टॉप 100 प्रॉपर्टी डिफाल्टर, होगी सीलिंग


-निगम क्षेत्र के रिहायशी इमारतों में हो रही व्यावसायिक गतिविधियों पर भी लगेगी लगाम

-आमजन से प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील

गुरुग्राम, 23 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम मानेसर के निशाने पर वे प्रॉपर्टी धारक हैं, जो निगम के प्रॉपर्टी टैक्स ना भरने के कारण डिफाल्टर हैं। ऐसे टॉप 100 प्रॉपर्टी डिफाल्टर पर निगम अब सीलिंग की कार्रवाई करने जा रहा है। नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने गुरुवार को निगम अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की। बैठक में कहा कि निगम क्षेत्र की टॉप 100 प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों से प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली करें। टैक्स जमा न करने पर सभी प्रॉपटियों पर सीलिंग की कार्रवाई की जानी सुनिश्चित करें।

आयुक्त प्रदीप सिंह टैक्स ब्रांच को निर्देश देते हुए यह भी कहा कि अगले 15 दिनों में निगम क्षेत्र का सर्वे करें। जिन रिहायशी इमारतों में पीजी, गेस्ट हाउस, होटल, हॉस्टल या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां हो रही है। इन इमारतों से रिहायशी इमारत का टैक्स न लेकर व्यावसायिक भवन के हिसाब से टैक्स की वसूली की जाए। टैक्स न भरने की सूरत में सबसे पहले इन्हीं इमारतों को सील किया जाएगा। इसके अलावा आयुक्त ने यह आमजन से अपील करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र के निवासी अपना प्रॉपर्टी टैक्स समय पर जमा करें। प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की आय का मुख्य स्त्रोत है। टैक्स की राशि मिलने पर नगर निगम क्षेत्र में और भी अधिक विकास के कार्य करवाएगा।

आयुक्त ने हॉर्टिकल्चर ब्रांच को निर्देश देते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में जिन जोहड़ों के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है, इसमें तेजी लाएं। इसके अलावा अन्य ऐसी जगहों को चिन्हित करें, जहां पर प्राकृतिक ढलान है। ऐसी जगहों पर जोहड़ बनाकर उसमें जल का संचयन किया जाना उचित होगा। वर्षा जल संचयन से भूमिगत जल स्तर में सुधार होगा, तभी मानेसर इलाके में जल की आपूर्ति संभव होगी। इसके अलावा उन्होंने रेन वाटर हारर्वेस्टिंग पिट की संख्या बढ़ाई जाए। बैठक में संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, एक्सईएन निजेश, सुशील ठाकरान, एसडीओ अनिल मलिक, सीपीओ महेंद्र कुमार, टैक्स सहायक उदय सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर