home page

बिजली कटों से गुस्साए ग्रामीणों ने कैथल-करनाल रोड किया जाम

 | 
बिजली कटों से गुस्साए ग्रामीणों ने कैथल-करनाल रोड किया जाम


कैथल, 01 मई (हि.स.)। गांव मुंदड़ी में लगातार जारी बिजली कटों से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कैथल-करनाल रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नियमित बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष राजीव आर्य, प्रदेश महासचिव भूराराम, सुरेश कोथ और होशियार सिंह गिल ने ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा कि बिजली विभाग की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज करते हुए हाईवे जाम किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सरकार की जगमग योजना का बहिष्कार किया हुआ है और गांव में बिजली मीटर बाहर नहीं लगाए गए हैं। इसी कारण उन्हें पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं दी जा रही और बार-बार कट लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों जितेंद्र कुमार, सुरेश, बलदेव, राजेश, कृष्ण और सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि विभाग उन पर जबरन जगमग योजना लागू करने का दबाव बना रहा है और जानबूझ कर दिन-रात बिजली सप्लाई बाधित की जा रही है।

एसडीएम संजय कुमार, बिजली निगम के एक्सईएन गौरव और एसडीओ कुलदीप मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और स्पष्ट कहा कि बिना जगमग योजना के पर्याप्त बिजली सप्लाई दी जाए, तभी जाम हटाया जाएगा।

करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन द्वारा रात में 10 घंटे और दिन में 3 घंटे बिजली आपूर्ति देने का आश्वासन दिए जाने पर दोपहर 12 बजे ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इस दौरान पूंडरी थाना प्रभारी शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित रखा।

जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे