फरीदाबाद में तीन जगह आग, लाखों का नुकसान; दमकल ने संभाली स्थिति
फरीदाबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के फरीदाबाद में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें लाखों रुपये का कच्चा व तैयार माल जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के मलेरना से शाहपुरा रोड पर रबर फैक्ट्री में हुई, जहां सुबह कथित रूप से शॉर्ट सर्किट से आग लग गई । फैक्ट्री के पीछे रखे रबर के स्टॉक को चपेट में ले लिया और ऊंची ऊंची लपटें उठने लगीं। दर्जनों मजदूरों ने भागकर जान बचाई। आईएमटी फायर स्टेशन से पहुँची पांच गाडिय़ों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को शांत किया।वहीं दूसरी आग लगने की घटना सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में शाहरुख खान नामक व्यक्ति के लकड़ी के गोदाम में हुई। यहाँ सेकेंड हैंड फर्नीचर जैसे बेड, सोफे और अलमारियां रखी थीं। सूखी लकड़ी होने से आग पलक झपकते ही पूरे गोदाम में फैल गई। सेक्टर-25 फायर स्टेशन की दो गाडिय़ों ने पहुँचकर आग को बुझाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान राख हो चुका था। इसके अलावा जाटोला गांव के पास स्थित एक केमिकल कंपनी में अचानक आग लग गई। केमिकल में आग लगने से आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। इससे कई किलोमीटर दूर तक दहशत का माहौल बन गया। धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई। दमकल की तीन गाडिय़ों ने मोर्चा संभालते हुए आग को आगे बढऩे से रोका। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट और ओवरहीटिंग आग का मुख्य कारण लग रहे हैं। गर्मी में एसी और मशीनों के ज्यादा चलने से वायरिंग पर लोड बढ़ता है। पुरानी वायरिंग और ढीले कनेक्शन आग लगने की बड़ी वजह बनते हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

