home page

पानीपत: मामूली कहासुनी में युवक को अगवा कर टैक्सी में लगाई आग

 | 
पानीपत: मामूली कहासुनी में युवक को अगवा कर टैक्सी में लगाई आग


पानीपत, 06 मार्च (हि.स.)। थाना चांदनी बाग के सामने मामूली सड़क हादसे के बाद दो युवकों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया। बंधक बनाए गए युवक को छुड़ाने आए परिजनों के सामने ही उनकी टैक्सी कार को भी आग लगा दी। शिकायत के बाद पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में इंडो फार्म निवासी संतोष ने शुक्रवार काे बताया कि वह अपने दोस्त राजवीर के साथ मोटरसाइकिल पर सेक्टर-25 में पनीर लेने जा रहा था। एमजेआर चौक के पास सामने से आ रही एक पल्सर बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। पल्सर सवारों की पहचान अवधेश और बाबूराम के रूप में हुई। हादसे में बाबूराम मामूली तौर पर चोटिल हो गया जिसके बाद उन्होंने विवाद करना शुरू कर दिया। संतोष का आरोप है कि टक्कर के बाद अवधेश और बाबूराम ने उसे जबरदस्ती अगवा कर लिया और सेक्टर-29 पार्ट- टू स्थित एक प्लॉट में ले जाकर बंधक बना दिया। वहां उन्होंने संतोष को डराया-धमकाया और बाबूराम के इलाज के लिए अपने घर से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया। संतोष ने डर के मारे अपने परिजनों को फोन कर उसे बाबूराम के चंगुल से छुड़ाने की बात कही। जब संतोष की बहन ललिता और अन्य रिश्तेदार सागर नामक ड्राइवर की टैक्सी में सवार होकर मौके पर पहुंचे, तो वहां विवाद और बढ़ गया। स्थानीय निवासी विकास चाचरा ने अपने साथियों मनीष और ओंकार के साथ मिलकर ड्राइवर सागर से मारपीट की। आरोपी यहीं तक सीमित नहीं रहे, उन्होंने विकास चाचरा के कहने पर मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला और सागर की टैक्सी पर छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते टैक्सी धू-धू कर जल गई। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। संतोष की शिकायत पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने बाबूराम, अवधेश, मनीष, ओंकार और विकास चाचरा के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, मारपीट और आगजनी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा