home page

पानीपत: न्याय का अधिकार हर नागरिक तक पहुंचाना हमारा संकल्प: वाणी गोपाल शर्मा

 | 
पानीपत: न्याय का अधिकार हर नागरिक तक पहुंचाना हमारा संकल्प: वाणी गोपाल शर्मा


पानीपत, 02 जून (हि.स.)। पानीपत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) द्वारा जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को मेगा लीगल सर्विसेज कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए चेयरपर्सन वाणी गोपाल शर्मा ने की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए चेयरपर्सन वाणी गोपाल शर्मा ने कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। कोई भी नागरिक आर्थिक, सामाजिक या अन्य किसी कारण से न्याय से वंचित न रहे, यही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य है। इस तरह के मेगा लीगल सर्विसेज कैंप इसी सोच का परिणाम हैं, जहां लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना एक ही स्थान पर कानूनी सहायता और सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। इसलिए कानूनी जागरूकता अभियान और जनहित कार्यक्रम समाज को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से नि:शुल्क कानूनी सहायता योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान चेयरपर्सन वाणी गोपाल शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करनी चाहिए, तभी आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा। मेगा लीगल सर्विसेज कैंप ने न केवल लोगों को कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की, बल्कि सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति और जनसेवा के संदेशों को भी प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। इस मौके पर संदीप सिंह, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) हिमांशु शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे)सुश्री याचना, सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी), सीजे (सीनियर डिवीजन) सीजेएम वर्षा शर्मा, डीईओ राकेश बूरा के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा