पानीपत: ट्रैक्टर ट्राली ने बच्चे को कुचला, मौके पर मौत
पानीपत, 09 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव बराना में रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गली में खेल रहे एक छह साल के बच्चे, को बुरी तरह कुचल दिया जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान गोविंद के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया क्योंकि गोविंद अपने माता-पिता की चार बहनों के बाद इकलौता भाई था। उसके पिता का भी कुछ समय पहले देहांत हो गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक गोविंद के ताऊ के बेटे की रात काे ही शादी हुई थी। सोमवार सुबह दुल्हन के साथ छड़ी खेलने की रस्म होनी थी। उसी छड़ी को पेड़ से तोड़ने के लिए गोविंद गया था। रास्ते में उसकी मौत हो गई, जिससे पूरा परिवार सदमे में है। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर के एक आदमी को मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे ग्रामीणों ने देख लिया। बच्चे की मौत से भड़के ग्रामीणों ने भाग रहे उस व्यक्ति का काफी दूर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। उसके बाद ग्रामीणों ने पकड़े गए व्यक्ति के साथ मारपीट कर घायल कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की संख्या ज्यादा होने के कारण वे ड्राइवर को पूरी तरह से बचाने में असफल रहे। किसी तरह चालक को छुड़वाया गया, इस दौरान दो-तीन और लोगों को भी चोटें आईं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल लाया गया है, जहां वे उपचाराधीन हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में दिनभर रेत से भरे अवैध ट्रैक्टर और डंपर चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने कई बार प्रशासन से इस बारे में शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

